मिलावटखोर जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रहे हैं। खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला में 10 महीने में राज्य भर से प्राप्त 1038 खाद्य नमूनों से से 811 की जांच रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। जांच में 102 खाद्य पदार्थों के नमूने फेल हो गए हैं।
राज्य की खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला में एक अप्रैल 2017 से जनवरी 2018 तक प्रदेशभर से जांच के लिए प्राप्त हुए खाद्य नमूनों में से 811 की जांच रिपोर्ट आ गई है। इस अवधि में मिठाई, मसाले, चाय, नमकीन, मक्खन, दूध, चॉकलेट, बेकरी प्रोडक्ट, तेल, वनस्पति घी, पैक्ड जूस, जैम, पानी, कॉफी, आचार, अंडे, दाल आदि के 1038 नमूने नमूने जांच के लिए प्राप्त हुए थे। जनवरी 2018 तक आई 811 नमूनों की जांच रिपोर्ट में 102 खाद्य नमूने फेल मिले हैं।
इनमें से 32 मिसब्राडिंग, 67 मानकों के विपरीत, दो असुरक्षित और एक नमूना खराब मिला है। इनमें भी सबसे अधिक दूध के 22 नमूने फेल हुए हैं। खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला के प्रभारी डॉ. मनीष अग्रवाल ने बताया कि 227 खाद्य नमूनों की जांच अभी जारी है, जो नमूने फेल हुए उसने जुड़े व्यापारियों और फर्मों को नोटिस भेजा जाएगा।
यूएस नगर में दीपावली में भरे 63 नमूनों में पांच फेल
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर में दीपावली के मौके पर लिए गए 63 खाद्य नमूनों की रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में पांच नमूने फेल हो गए हैं। इनमें सितारगंज से भरे गए दूध के दो नमूने, रुद्रपुर से भरा गया क्रीम का नमूना, जसपुर और सितारगंज से भरे गए मिठाई के एक-एक नमूने शामिल हैं। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा पांचों को नोटिस भेजा जा रहा है।