काशीपुर। सवा करोड़ की लागत से रैन बसेरे के निर्माण के बावजूद अभी निराश्रित लोगों के ठहरने की व्यवस्था नहीं हो सकी है। इसमें अभी तक बिजली और पेयजल कनेक्शन न होने से ठेकेदार ने रैन बसेरा निगम प्रशासन को हस्तांतरित नहीं किया है। नगर आयुक्त ने निर्माणाधीन रेन बसेरे का एक कक्ष आम लोगों के लिए खोलने के निर्देश दिए हैं।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन द्वारा मोहल्ला महेशपुरा में करीब सवा करोड़ की लागत से रैन बसेरे का निर्माण कराया गया है। इसमें पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग कक्ष, एक गोदाम और परिचायक का कक्ष बनाया गया है। रैन बसेरे का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। अभी आंगन का काम चल रहा है। वहीं पिछले साल निगम ने परिसर के दो कमरों में रैन बसेरे की व्यवस्था की थी। इस साल हाड़कंपाती ठंड के बावजूद रैन बसेरे में लोगों के ठहरने के लिए व्यवस्था नहीं हो सकी है।
अधूरे निर्माण के चलते ठेकेदार ने रैन बसेरा निगम प्रशासन को हस्तांतरित नहीं किया है। मंगलवार को नगर आयुक्त केके मिश्र ने जेई जगमोहन रौतेला को निर्माणाधीन रैन बसेरे के एक कक्ष पर कब्जा लेकर वहां लोगों के ठहरने की व्यवस्था शुरू कराने को निर्देशित किया। लेकिन, ठेकेदार ने बगैर लिखित आदेश के उक्त कक्ष पर कब्जा देने से इंकार कर दिया। शाम को जेई ने ठेकेदार को पत्र रिसीव कराकर कक्ष पर कब्जा ले लिया है। निगम प्रशासन ने वहां रहने वालों के लिए रजाई, गद्दे मंगाए हैं। वहां रोशनी का इंतजाम कर दिया गया है, लेकिन पानी की व्यवस्था फिर भी नहीं हो सकी हैै।
हाड़कंपाती ठंड में भी नहीं जले अलाव
काशीपुर। हाड़ कंपाती ठंड के बावजूद निगम प्रशासन द्वारा अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं की गई है। इसके चलते रिक्शा चालकों, दिहाड़ी मजदूरों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा काशीपुर में सात सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की बात कही गई थी। एक पखवाड़े पूर्व कुछ स्थानों पर अलाव जलाए गए, लेकिन मौसम में अचानक आए बदलाव के बाद निगम प्रशासन ने अलाव जलाने बंद कर दिए। मंगलवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा, बावजूद इसके शहर में कहीं भी अलाव नहीं जलाए गए।
नवनिर्मित रैन बसेरा निगम को हस्तांतरित नहीं हो सका है। अभी एक कक्ष में जरूरी सुविधाएं जुटाकर निराश्रितों के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। जल्द की रैन बसेरा निगम को हस्तांतरित हो जाएगा।
- केके मिश्र, आयुक्त नगर निगम।