काशीपुर। अवैध खनन को लेकर यूपी और उत्तराखंड के प्रशासनिक अधिकारियों ने अपनी मंशा स्पष्ट करते हुए कड़ी कार्रवाई के संदेश दिए हैं। ऊधम सिंह नगर और रामपुर के डीएम ने क्रशर मालिको से अवैध खनन का माल न खरीदने के साथ ही नियमित जांच की बात कही।
उत्तराखंड और यूपी की सीमा पर लगे कोसी नदी से होने वाले अवैध खनन व ओवरलोडिंग में अंकुश लगाने के उद्देश्य से डीएम डॉ. नीरज खैरवाल, एसएसपी डॉ. सदानंद दाते, डीएम रामपुर शिव सहाय अवस्थी और एएसपी सुधा सिंह ने सुल्तानपुर पट्टी पुलिस चौकी में दोनों राज्यों के क्रशर स्वामियों की बैठक ली। डीएम खैरवाल ने कहा कि अवैध खनन को रोकने के लिए जनपद ऊधम सिंह नगर व रामपुर के प्रशासनिक अधिकारियों व खान अधिकारियों की संयुक्त कमेटी बनाई जाएगी। यह कमेटी संयुक्त रूप से सीमा पर स्थित क्रशरों का सत्यापन कर जांच करेगी। सभी स्टोन क्रशरों के प्रत्येक गेट पर आवश्यक रूप से सीसीटीवी लगाने के भी निर्देश दिए। दोनों प्रदेशों के अधिकारी कोसी नदी में यूपी और उत्तराखंड के क्षेत्रों का सीमांकन भी करेंगे ताकि स्पष्ट रहे कि कौन सा खनन क्षेत्र किस राज्य में आता है। डॉ. खैरवाल ने कहा कि अवैध खनन किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। दोनों प्रदेशों को राजस्व का नुकसान हो रहा है। कहा कि जो खनन व्यवसायी/स्टोन क्रशर स्वामी पारदर्शिता व ईमानदारी से कार्य करेंगे प्रशासन उनका सहयोग करेगा। डीएम रामपुर शिव सहाय अवस्थी ने कहा कि संयुक्त रूप से दोनो प्रदेशों की जो कमेटी बनाई गई है, उनके द्वारा सत्यापन के लिए जो भी रिकार्ड या दस्तावेज मांगे जाते हैं उसे उपलब्ध कराएं। कहा कि क्रशर स्वामियों का भी पक्ष सुना जाएगा। सभी अधिकारियों ने बाद में मुकंदपुर और अजीतपुर क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। वहां पर एडीएम प्रताप शाह, एसडीएम काशीपुर विनीत तोमर, पीएस राणा, एएसपी जगदीश चंद्र, उपनिदेशक खनन राजपाल लेघा, एआरटीओ अनिता चंद आदि थे।
रामपुर और ऊधमसिंह नगर के डीएम की यूपी और उत्तराखंड के क्रशर मालिकों को चेतावनी
निगरानी के लिए बनेगी दोनों राज्यों की संयुक्त कमेटी
क्रशर स्वामियों को सीसीटीवी लगाने के निर्देश
डीएम और एसएसपी के तेवर कड़े
काशीपुर। अवैध खनन पर ऊधम सिंह नगर के डीएम डॉ. नीरज खैरवाल और एसएसपी डॉ. सदानंद दाते के तेवर कड़े थे। स्पष्ट रूप से कहा गया कि अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगी। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने कहा यदि क्रशर स्वामी सही नियत से कार्य करेंगे तो सरकार को राजस्व मिलेगा जिसका लाभ जनता को ही मिलेगा। एसएसपी ने ट्रांसपोर्टरों को निर्देश देते हुए कहा कि क्रशरों के जो रास्ते तय है उन्हीं रास्तों से उपखनिज ले जाया जाए। जिन हाइवा स्वामियों द्वारा मानकों से अधिक ट्राला बनाया गया है, वह स्वयं उसे कटवाकर मानकों के अनुरूप रखें। जिनके ट्राले मानकों के अनुरूप नही होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। डीएम डॉ. खैरवाल ने कहा कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी सुविधा शुल्क की मांग करता है तो उसका विवरण उपलब्ध कराएं ताकि संबंधित के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। बैठक क्रशर स्वामियों से भी सुझाव मांगे गए।