दिनेशपुर नगर स्थित हरि मंदिर के कामना सागर तालाब में सोमवार को नहाते समय एक 10 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। मृतक पांच भाई बहनों में सबसे छोटा था।
सोमवार को वार्ड नंबर सात निवासी गुड्डू यादव का 10 वर्षीय पुत्र आरव यादव स्कूल से आने के बाद अन्य बच्चों के साथ हरि मंदिर स्थित कामना सागर तालाब में नहाने चला गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। शाम को कुछ लोगों ने उसे तालाब में उतराता हुआ देखा। उसे तत्काल बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर आकर बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरव कक्षा चार का छात्र था। उसके माता-पिता दोनों मजदूरी करते हैं। बच्चे की मौत से दोनों गहरे सदमे में हैं। सीओ बीएस धौनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।