रुद्रपुर से लगी यूपी की पॉश कालोनी में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान दिखाती पीड़िता।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। जिले की सीमा से सटे बिलासपुर क्षेत्र में स्थित पॉश कॉलोनी में महिला ट्रांसपोर्टर के घर चोरों ने धावा बोलकर 10 लाख रुपये की चोरी कर ली। परिजनों की गैर मौजूदगी में ताला तोड़कर घर में घुसे चोर सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
रुद्रपुर-गदरपुर हाईवे स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी रानी अपने बेटे के साथ ट्रांसपोर्ट का काम करती है। कुछ साल पहले उनके पति का निधन हो गया था। 23 फरवरी को रानी अपने परिजनों के साथ बरेली के फरीदपुर में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गई थी। बीते शुक्रवार को वह घर पहुंची तो घर के ताले टूटे हुए थे। उन्होंने कमरे के अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला टूटा था और 10 लाख रुपये के सोने- चांदी के जेवर व दो हजार रुपये गायब थे। महिला ने जानकारी बिलासपुर पुलिस चौकी के साथ ही रुद्रपुर कोतवाली में दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। सीओ अमित कुमार ने बताया कि मामला रामपुर जिले के रुद्रबिलास पुलिस चौकी का है। यूपी पुलिस ही मामले की तस्दीक और आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। वहीं यूपी पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
रंगाई पुताई करने वालों पर शक
रुद्रपुर। महिला का कहना है कि उनके घर में कुछ समय से रंगाई पुताई का काम चल रहा था। कमरे के अंदर रखे गए सामान के बारे में पेंटरों को सारी जानकारी थी। आरोप है कि बरेली विवाह में जाने से एक दिन पहले ही काम खत्म हुआ था। पेंटरों को घर में किसी भी व्यक्ति के नहीं होने की जानकारी भी थी।
बेटी के निकाह के लिए जोड़ा था जेवर
रुद्रपुर। ग्रीन कॉलोनी निवासी रानी पिछले आठ साल से संदीप कुमार शर्मा के मकान में परिवार के साथ किराए पर रह रही हैं। उनका कहना है कि दो बेटियों का निकाह पूर्व में हो चुका है। जबकि एक बेटी का निकाह छह माह बाद मीरगंज से होना है। बेटी के निकाह के लिए उन्होंने सोने और चांदी के जेवर खरीदकर रखे थे।