रुद्रपुर। प्रदेश सरकार ने व्यापारियों के दबाव में आकर सप्ताह में तीन दिन शाम पांच बजे दुकानें खोलने की अनुमति देने से बुधवार को रुद्रपुर बाजार में रौनक लौट आई। शाम पांच बजे तक रुद्रपुर बाजार में काफी भीड़भाड़ रही। ग्राहकों के दुकानों में पहुंचने से व्यापारियों ने राहत की सांस ली। पूरा बाजार खुलने से जूते, कपड़े, बर्तन, हार्डवेयर, इलेक्ट्रॉनिक्स, ज्वेलर्स आदि की दुकानों में काफी लोगों ने खरीदारी की। सिर्फ रुद्रपुर बाजार में करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
व्यापारियों ने कहना था कि कोविड कर्फ्यू में व्यापारियों को करोड़ों का नुकसान झेलना पड़ा है। अब सप्ताह में तीन शाम पांच बजे तक दुकानें खुलने से कुछ हद तक इस नुकसान की भरपाई होने की उम्मीद है। ज्वेलर्स एसोसिएशन रुद्रपुर के अध्यक्ष निशांत ढल्ला ने बताया कि 44 दिनों तक ज्वैलरी की दुकानें बंद होने से सराफा कारोबारियों को करीब 50 करोड़ का नुकसान झेलना पड़ा है। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय जुनेजा ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक दुकानों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। इसके बाद धीरे-धीरे ग्राहक कम पहुंचे।
लोगों ने सामाजिक दूरी का किया उल्लंघन
रुद्रपुर। 44 दिनों बाद पूरा बाजार खुलने पर ग्राहकों ने खरीदारी करते समय सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं किया। कोरोना संक्रमण के खतरे के बावजूद कई लोग बाजार में बगैर मास्क के साथ घूमते नजर आए। कई दुकानदार व ठेला व्यापारी बगैर मास्क पहने दिखे। इसके बावजूद पुलिस ने सामाजिक दूरी का उल्लंघन कर रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। बता दें कि लॉकडाउन के बाद जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार काफी कम हुई है। (संवाद)
44 दिनों से दुकानें बंद होने पर करोड़ा का कारोबार प्रभावित हुआ है। अब सरकार की ओर से नई एसओपी जारी होने के बाद सर्राफा कारोबारियों को थोड़ी राहत मिलेगी। ज्वेलर्स की दुकानें खुलने पर ग्राहकों ने भी खरीदारी की। -राजवीर भल्ला, ज्वेलर्स।
इतने दिनों से दुकानें बंद होने से चूहों ने भी कपड़े कुतर दिए थे। दुकानें नहीं खुलने व कपड़ों के खराब होने से भारी नुकसान झेलना पड़ा है। एक सप्ताह में तीन दिन दुकान खुलने पर थोड़ी राहत मिली है। -विजय बत्रा, कपड़ा कारोबारी।
कोरोना संक्रमण थोड़ा कम हो गया है, सरकार ने सप्ताह में तीन दिन बाजार खोलने की अनुमति दी है। इससे ग्राहकों को भी राहत मिली है। आज बाजार से कपड़े व जरूरी सामान की खरीदारी की। लोगों को मास्क व सामाजिक दूरी का पालन करना चाहिए। -आंचल सिंह, ग्राहक।
-
रुद्रपुर बाजार में आज खरीदारी करने से सब कुछ पहले जैसा लग रहा है। बाजार खुलने पर रसोई के बर्तन व अन्य सामग्री खरीदी। कोरोना संक्रमण कम होने पर सरकार को धीरे-धीरे बाजार खोलने की अनुमति दे देनी चाहिए। -रिंकू राय, ग्राहक।