उत्तराखंड में दो नए कोर्स विद्यार्थियों के लिए शुरू होने जा रहे हैं। 28 जनवरी से 4 फरवरी के बीच हुई यूजीसी इंटरफेस मीटिंग में इन पाठ्यक्रमों को हरी झंडी दी गई है।
विवि अनुदान आयोग ने इन पाठ्यक्रमों की सूची अपनी वेबसाइट पर जारी कर दी है। दून और गढ़वाल विवि का एक-एक नया कोर्स सत्र 2013-14 से शुरू होने जा रहा है।
दून विवि में नए सत्र से स्कूल ऑफ एनवायरमेंट एंड नेचुरल रिसोर्स के तहत एमटेक (एनवायरमेंटल टेक्नालॉजी) का पाठ्यक्रम शुरू होने जा रहा है।
विवि के कुलपति प्रो. वीके जैन ने बताया कि पाठ्यक्रम के लिए फिलहाल 20 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसकी फीस दूसरे पाठ्यक्रमों जितनी ही होगी। उन्होंने बताया कि कोर्स में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा को आधार बनाया जाएगा।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि में सत्र 2013-14 से डिपार्टमेंट ऑफ फॉरेस्ट्री एंड नेचुरल रिसोर्सेज के तहत 'पीजी डिप्लोमा इन फॉरेस्ट इकोसिस्टम मैनेजमेंट' कोर्स शुरू होने जा रहा है। यूजीसी ने इस कोर्स को भी हरी झंडी दे दी है। यह एक वर्षीय पाठ्यक्रम नए सत्र से शुरू होगा।
हालांकि विभागाध्यक्ष प्रो. एनपी टोडरिया का कहना है कि उन्होंने यूजीसी की इंटरफेस मीटिंग में दो वर्षीय एमएससी पाठ्यक्रम के लिए आवेदन किया था। जब तक यूजीसी का पत्र प्राप्त न हो जाए, कोर्स की पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाएगी।