एक्साइज के विरोध में आंदोलन कर रहे स्वर्ण कारोबारियों के समर्थन में सोमवार को दून बंद रहेगा। न केवल व्यापारिक प्रतिष्ठान बल्कि स्कूल, कॉलेज, दुकानें भी बंद रहेंगी। इस दौरान 15 से ज्यादा संगठन मिलकर राजधानी में चक्काजाम करेंगे। आवश्यक सेवाओं के भी बाधित होने की आशंका है।
लंबे समय से एक्साइज ड्यूटी के विरोध में राजधानी में सराफा बाजार बंद है। रविवार को 33वें दिन भी आंदोलन और 26वें दिन क्रमिक अनशन जारी रहा। रविवार को नीरज वर्मा, अंकुश वर्मा, अनूप बदूनी और सचिन कर्णवाल क्रमिक अनशन पर बैठे।
ज्वैलर्स एसोसिएशन ऑफ उत्तरांचल के अध्य्क्ष श्री विपिन बेरी ने बताया कि सोमवार को पूरे उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश में बंद व चक्का जाम रहेगा। सचिव गुरजीत सिंह ने बताया की दून उद्योग व्यापर मंडल और प्रांतीय उद्योग व्यापर मंडल के अंतर्गत आने वाली देहरादून की 130 से भी ऊपर समस्त व्यापारिक एसोसिएशन ने सोमवार के बंद को पूर्ण रूप से समर्थन दिया।
कई एसोसिएशन आई सर्मथन में
इसमें मुख्यत: पेट्रोल पंप एसोसिएशन, हलवाई एसोसिएशन, ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन, दूध एसोसिएशन, मोटर पार्ट्स एसोसिएशन, सेनेटरी एसोसिएशन, बार एसोसिएशन, फ र्नीचर एसोसिएशन, ने बंद को पूर्ण समर्थन दिया है।
उपाध्यक्ष सुनील मेसोन ने बताया की सीटू, शिव सेना, आम आदमी पार्टी, एनएसयूआई, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी, सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, भारत की नौजवान सभा, किसान सभा, जनवादी महिला समिति, अखिल भारतीय अधिवक्ता संघ और शहर के सभी क्षेत्रों के प्रमुख संगठनों ने बंद और चक्का जाम को समर्थन दिया है।
रविवार को आंदोलन में जगदीश कपूर, सतीश कपूर, अमित वर्मा, सतीश कर्णवाल, जसबीर सिंह, गुरनैन सिंसह, अमित गोयल, सुमित जैन, अमित गुप्ता, मासूम बिल्ला, अनूप बदुनी, नीरज वर्मा, अंकुश वर्मा, प्रीतपाल सिंह, अर्जुन नारायण आदि मौजूद रहे।