जिपं अध्यक्ष ने किया सोलर पंपिंग का लोकार्पण
नई टिहरी। जिला पंचायत की ओर से गजा क्षेत्र के घंटाकर्ण मंदिर में बनाई गई सोलर पंपिंग योजना का नए साल पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने लोकार्पण किया। उन्होंने मंदिर के दर्शन कर वहां कलश चढ़ाया।
शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने घंडियाल डांडा स्थित घंटाकर्ण मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने जिला पंचायत की ओर से करीब 20 लाख की लागत से बनी प्रदेश की सबसे ऊंचाई वाली सोलर पंपिंग योजना का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में मंदिर का जीर्णोद्धार हुआ है। मंदिर समिति के सदस्यों ने सरकार से भी मंदिर के लिए सड़क, रोपवे बनाने की मांग की है। स्रोत और योजना के मध्य में दो टैंक बनाए गए हैं। पानी एचडीपीई पाइप से मंदिर में बने टैंक में पंपिंग होगा। सर्दियों में चार से छह और गर्मियों में आठ घंटे तक पंपिंग होगी। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य रघुवीर सजवाण, मंदिर समिति के अध्यक्ष विजय प्रकाश बिजल्वण, शिव प्रसाद बिजल्वाण, कुंवर सिंह रावत, मान सिंह चैहान, अमित सजवाण, ईश्वरी बिजल्वण आदि मौजूद थे।