जौनपुर ब्लाक के सतेंगल गांव के खेत में झाड़ियों के बीच एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। मृतका के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले में पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है।
बृहस्पतिवार रात 8 बजे सतेंगल गांव निवासी उम्मेद सिंह राणा की पत्नी नीमा देवी (30) का शव खेत में झाड़ियों के बीच संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर हटवाल गांव से मृतका के पिता भरत सिंह और पुलिस रात 10 बजे मौके पर पहुंची। ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया कि नीमा दोपहर के वक्त खेत पर काम करने गई थी। शाम होने तक वह घर नहीं लौटी तो खेत में ढूंढ खोज के दौरान झाड़ियों के बीच उसका शव पड़ा मिला। मृतका का पति पौंटा साहिब में दुकान में काम करता है। वह दीपावली में घर आया था और 30 अक्तूबर को वापस जा चुका था।
मृतका के पिता की ओर से चंबा थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि उनकी बेटी की शादी 2010 में हुई थी। उसका एक साल का एक बेटा है। शादी के बाद बच्चे न होने पर उसका पति, सास, ससुर और देवर अक्सर उसे प्रताड़ित करते थे। उन्होंने नीमा की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। चंबा के प्रभारी थानाध्यक्ष जितेंद्र का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नीमा की मौत के कारणों का सही पता चल पाएगा। उसके शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं है। मृतका ने फांसी भी नहीं लगाई है। मायके पक्ष की ओर से मिली तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।