संवाद न्यूज एजेंसी
घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक के एक गांव से दो नाबालिग बेटियों को छोड़कर छोटी बेटी के साथ लापता हुई महिला राजस्थान से मिल गई है। पुलिस ने महिला को उप जिला मजिस्ट्रेट शैलेंद्र सिंह नेगी के समक्ष पेश किया। महिला ने अदालत में स्वैच्छा से जाने की बात कह कर फिर से उसी व्यक्ति के साथ जाने की इच्छा जताई है। लेकिन दो नाबालिग बेटियों के भरण-पोषण को लेकर कोई स्पष्ट जबाव नहीं मिला। थानाध्यक्ष ने बताया कि लापता रही महिला को वापस घर ले जाने के लिए ससुराल और मायका पक्ष तैयार नहीं हुए। उप जिला मजिस्ट्रेट ने दो नाबालिग लड़कियों की समस्या को देखते हुए महिला की काउंसलिंग कराने के लिए फिलहाल देहरादून नारी निकेतन भेजा है। संवाद