थौलधार के ग्राम पंचायत पल्याण के चुरेंडा में राजीव गांधी सेवा केंद्र का निर्माण बिना ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य की सहमति के कराए जाने पर जनप्रतिनिधियों ने रोष व्यक्त किया। उन्होंने ब्लॉक मुख्यालय में धरना देते हुए केंद्र का कार्यादेश तत्काल निरस्त न होने पर बेमियादी धरना शुरू करने की चेतावनी दी।
सोमवार को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉक मुख्यालय में धरना देकर अधिकारियों पर ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने बीडीओ को दिए ज्ञापन में बताया कि ग्राम पल्याण के चुरेंडा में मनरेगा से 10 लाख की धनराशि से राजीव गांधी सेवा केंद्र स्वीकृत हुआ है। लेकिन बीडीओ ने बिना नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की सहमति के ही कार्यदेश ग्राम विकास अधिकारी के नाम कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने 15 दिन के अंदर कार्यादेश निरस्त न होने पर किल्याखाल में अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमोद नेगी, रीना राणा, काजल पंवार, जगदंबा दास, अरविंद दास, ललिता, मान सिंह राणा, निर्मला राणा, सुमेर मस्तवाल, गोपाल चमोली, भाजपा मंडलाध्यक्ष रामचंद्र खंडूरी, पूर्व अध्यक्ष सोबत पंवार आदि मौजूद थे।