2003 और 2025 की नामावली का मिलान कर चार श्रेणियां बनाएं : डीएम
नई टिहरी। डीएम नितिका खंडेलवाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण की बैठक ली। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार विशेष गहन संशोधन एवं पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए 2003 और 2025 की नामावली का मिलान कर चार श्रेणी में कार्य किया जाना है। बीएलओ द्वारा 2025 की अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची से मतदाताओं को श्रेणी ए, बी, सी और डी में चिह्नित करना है। उन्होंने कहा कि जहां बूथों की संख्या बढ़ी है, वहां ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने सभी एसडीएम को बीएलओ के कार्याें का सुपरविजन करने को कहा। बताया गया कि जिनका जन्म एक जुलाई 1987 या उससे पूर्व हुआ है उनसे सत्यापन हेतु स्वयं एक अभिलेख लेकर ए श्रेणी में चिह्नित करना है। इसी प्रकार 2025 की निर्वाचक नामावली में जिन मतदाताओं की आयु 38 वर्ष या उससे अधिक है लेकिन 2003 की मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज नहीं है तो उनसे सत्यापन हेतु स्वयं का एक अभिलेख लेकर बी श्रेणी में जिनका जन्म दो जुलाई 1987 से दो दिसंबर 2004 के बीच हुआ है उनसे सत्यापन हेतु दो अभिलेख (एक अभिलेख स्वयं का और एक अभिलेख माता या पिता का ) लेकर सी श्रेणी में और जिनका जन्म तीन दिसंबर 2004 से एक जनवरी 2025 के बीच हुआ है।
उनसे तीन अभिलेख (एक अभिलेख स्वयं का और एक-एक अभिलेख माता और पिता का ) लेकर उन्हें डी श्रेणी में चिह्नित किया जाएगा। बैठक में आईएएस प्रशिक्षु स्नेहिल कुंवर सिंह, एडीएम एके सिंह, एसडीएम संदीप कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी आदि मौजूद थे।