थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर ब्लॉक क्षेत्र में ओडारसू-बंगसील मोटर मार्ग का डेढ़ किलोमीटर हिस्सा नहीं बनने से पालीगाड और दशज्यूला पट्टी के दर्जनों गांव आपस में नहीं जुड़ पाए हैं। सड़क का यह हिस्सा अधूरा होने से क्षेत्र का प्रसिद्ध पर्यटक स्थल देवलसारी भी सड़क मार्ग से नहीं जुड़ पाया है जिससे स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
सड़क निर्माण की मांग ग्रामीण लंबे समय से शासन-प्रशासन से करते आ रहे हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्राम प्रधान प्रियंका देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य अनीश कुमार, गजेंद्र नौटियाल, कुलबीर रावत, विजेंद्र पवार, महिला समूह की अध्यक्ष शोभना देवी, पूर्व प्रधान महावीर चमोली, बलवीर परमार, खेमराज पुजारी का कहना है कि सड़क नहीं बनने से ओडारसू, किनसू, टिक्क, भ्यासारी, पुजाल्डी, नौगांव, बुडकोट, खेड़ा, पापरा, बैट आदि गांव ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द सड़क निर्माण शुरू करने की मांग की। चेतावनी दी यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगी।
ओडारसू-बंगसील मोटर मार्ग पर 1200 मीटर वन भूमि आडे़ आ रही है। इसमें पेड़ अधिक आने के कारण इसका एलाइनमेंट दोबारा स्वीकृति के लिए भेजा गया है। एनओसी मिलने के बाद सड़क का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा।
आदर्श गोपाल, ईई, लोनिवि थत्यूड़