नरेंद्रनगर ब्लॉक के आगराखाल क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह ने लोगों की नींद उड़ा दी है। गिरोह के लोग रात के समय गांव के आसपास खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाकर गाड़ी की बैटरी, टायर आदि पर हाथ साफ कर रहे हैं।
आगर गांव के कुंवर सिंह रावत ने एसएसपी को भेजे ज्ञापन में बताया कि 26 अप्रैल को उन्होंने अपनी कार गांव में पंचायत घर के पास खड़ी की थी। उस रात को कुछ असामजिक तत्वों ने कार में रखे पार्ट्स आदि चुराने के लिए कार के पीछे का शीशा तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि यह घटना क्षेत्र में दिनोंदिन बढ़ती जा रही है, जिससे लोगों का गांव में भी वाहन पार्क करना मुश्किल हो गया है। इस तरह की घटनाएं बढ़ने पर गांव की प्रधान सपना रावत ने भी कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाओं में कोई भी लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।