गढ़सिनवाल और कोटवाल गांव में शादी-समारोह में शराब परोसने पर लगा प्रतिबंध
लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर ब्लॉक के ग्राम पंचायत गढ़सिनवाल और कोटवाल गांव के ग्रामीणों ने बैठक कर नरसिंह देवता मंदिर में नशा मुक्ति की शपथ ली। बैठक में शादी समारोह में शराब पिलाने वालों का सामाजिक बहिष्कार के साथ 21 हजार रुपये अर्थदंड लगाने का प्रस्ताव पारित किया।
नशा मुक्ता जनमोर्चा देवभूमि उत्तराखंड के संयोजक देवी सिंह पंवार और हरीश डिमरी के नेतृत्व में हुई बैठक में दोनों ग्राम सभा के ग्रामीणों ने मांगलिक कार्यक्रमों में शराब को पूरी तरह से प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया। बैठक के बाद दोनों गांवों की नशा मुक्ति समिति का गठन किया गया।
गढ़सिनवाल गांव की समिति में सोना देवी अध्यक्ष, बीना देवी सचिव, उषा देवी को कोषाध्यक्ष, कोटवाल गांव की समिति में विमला देवी अध्यक्ष, सीता देवी को सचिव, बबली देवी को कोषाध्यक्ष बनाया गया। पंवार ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया कि गांव में शादी-समारोह व अन्य कार्यक्रमों में शराब पिलाने और ग्राम पंचायत क्षेत्र में शराब की बिक्री करने वालों का सामाजिक बहिष्कार के साथ अर्थदंड लगाया जाएगा।
इस मौके पर शिवराम, अबल सिंह रावत, राजेंद्र सिंह, विवेक सिंह, विजयपाल, हरिप्रसाद डिमरी, कमला देवी, बिजमा देवी, डबल सिंह, आनंदी देवी, गंगा देवी, निर्मला देवी, माया, कृष्णा, रेखा, सोना, जस्सी, उर्मिला, पूजा देवी आदि मौजूद रहे।