घनसाली के थाती बूढ़ाकेदार में गुरू कैलापीर के निशान के साथ दौड़ लगाते श्रद्धालु।
- फोटो : NEW TEHRI
भिलंगना ब्लॉक के बूढ़ाकेदार में मंगसीर की दिवाली धूमधाम से मनाई गई। कोविड-19 की वजह से इस बार दिवाली पर लगने वाला गुरु कैलापीर का मेला सादगी से मनाया गया। ग्रामीणों ने गुरु कैलापीर के दर्शन कर खेतों में देवता के झंडे के साथ दौड़ लगाकर खुशहाली की मन्नतें मांगी।
बूढ़ाकेदार क्षेत्र के थाती कठुड़ पट्टी में मंगसीर की दीपावली धूमधाम से मनाई गई। दिवाली पर्व पर लोगों ने आतिशबाजी के साथ खूब भैले खेले। मेला नहीं लगने से दुकानें भी नहीं सजी, जिससे लोग खरीदारी नहीं कर पाए। दिवाली के दूसरे दिन मंगलवार सुबह दूर-दराज गांव से लोग ढोल-दमाऊ के साथ गुरु कैलापीर के दर्शन के लिए बूढ़केदार स्थित मंदिर पहुंचे। वहां कई जोड़ी ढोल-दमाऊ और रणसिंगा बजाकर देवता से मंदिर से बाहर आने का आह्वान किया गया।
मंगलवार को करीब डेढ़ बजे देवता अपने झंडे के साथ मंदिर से बाहर निकला और खेतों की तरफ गया। वहां खेतों में सात फेरे दौड़ लगाई इस दौरान दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने भी देवता के साथ दौड़ लगाई। इस बीच ध्याणियों ने मन्नतें पूरी होने पर देवता को साड़ा (चढ़ावा) भेंट किया और मन्नतें मांगी। सात चक्कर पूरे होने के बाद भक्तों को प्रसाद के रूप में पुआल बांटते हुए शाम पांच बजे देवता ने मंदिर में प्रवेश किया। मेला समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह नेगी, प्रधान सनोप सिंह राणा, रामानुज बहुगुणा, धीरेंद्र नौटियाल, उपेंद्र सेमवाल, हिम्मत रौतेला, महेश रमोला और मुकेश नाथ ने बताया कि कोविड-19 के कारण तीन दिवसीय मेला आयोजित नहीं किया गया।