घनसाली के खबाडा-छतियारा मार्ग के घाटू गाड में पुल निर्माण की मांग को धरना देते ग्रामीण।
- फोटो : NEW TEHRI
भिलंगना ब्लाक में थाती कठुड़ और बासर पट्टी के लोगों को पीएमजीएसवाई की लापरवाही से जोखिम में डालकर गदेरे को पार करना पड़ रहा है। लंबे समय से पुल पर पीसीसी वर्क नहीं करने से गुस्साए लोगों ने पुल पर धरना दिया। उन्होंने कहा कि यदि पुल पर जल्द काम पूरा शुरू नहीं किया गया तो पीएमजीएसवाई कार्यालय में बेमियादी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
पीएमजीएसवाई ने छतियारा-खवाड़ा मोटर मार्ग पर घाटू गदेरे पर बने पुल का मरम्मत कार्य शुरू करने के लिए एक माह पहले पुल को बंद कर दिया था। आस-पास कोई पैदल रास्ता नहीं होने से लोगों को जोखिम उठाकर गदेरे से आवाजाही करनी पड़ रही है। लंबे समय बाद भी पुल पर पीसीसी कार्य शुरू नहीं करने से प्रभावितों में विभाग के प्रति आक्रोश है। शुक्रवार को लोगों ने पुल पर ही धरना दे दिया। जिला पंचायत सदस्य धनपाल सिंह नेगी ने बताया कि पुल की मरम्मत नहीं होने से वाहनों का संचालन ठप पड़ा है। बरसात के मौसम में गदेरे में दिनोंदिन पानी बढ़ रहा है, जिससे खतरा भी बढ़ने लगा है। उन्होंने पीसीसी कार्य जल्द शुरू करने की मांग की। धरना देने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य रेखा देवी, देव सिंह कंडारी, प्रताप सिंह, महेंद्र सिंह, गंगोत्री देवी, जसोदा देवी, शूरवीर सिंह, दिनेश, बचीराम, कुलदीप रावत, पवन सिंह और राजेंद्र सिंह आदि शामिल थे।
कोट
पुल के डिजायन में कुछ कमी रह गई थी, जिसे ठीक किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर सामग्री नहीं मिलने से भी देर हो रही है। ठेकेदार को जल्द काम शुरू करने को कहा गया है। - संजय श्रीवास्तव, ईई पीएमजीएसवाई खंड प्रथम।