क्षतिग्रस्त सड़कों पर पैचवर्क न होने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने जताया आक्रोश
थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर ब्लॉक की बीडीसी बैठक हंगामेदार रही। नेटवर्क के अभाव में वीबी जी राम जी योजना में ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगने पर पंचायत सदस्यों से जमकर हंगामा किया। क्षतिग्रस्त सड़कों पर पैचवर्क कार्य नहीं होने पर सदस्यों ने रोष जताया। बैठक में सड़क और पेयजल की समस्या प्रमुखता से छाई रही।
ब्लाॅक सभागार में ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार की अध्यक्षता में आयोजित बीडीसी बैठक में पिछली बैठक की कार्रवाई की पुष्टि की गई। ग्राम प्रधानों ने वीबी जी राम की न्यूनतम मजदूरी 252 रुपये से अधिक बढ़ाने की मांग की। ऑनलाइन हाजिरी में नेटवर्क की परेशानी आने पर ग्राम प्रधानों ने सदन में हंगामा और जमकर नारेबाजी की जिस पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने कहा कि बीडीसी के माध्यम से जितनी भी समस्याएं उठाई है उनका निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।
बीडीसी सदस्य अनीश कुमार ने थत्यूड़ -सुआखोली -नगुण-भवान मोटर मार्ग पर पिछले वर्ष अक्तूबर में हुए पैचवर्क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। निर्माण के 15 दिन बाद पैचवर्क उखड़ गया। सीडीओ ने लोनिवि के अधिकारियों को 31 मार्च तक सड़कों को चाक-चौबंद करने को कहा। जिला पंचायत सदस्य सविता देवी, ग्राम प्रधान शांति प्रसाद गौड़ ने दुगड्डा- बंगशील छह किमी मोटर मार्ग जर्जर व खस्ताहाल होने का मामला उठाते हुए विभाग से सड़क का सुधारीकरण व डामरीकरण करने की मांग की है।
जिला पंचायत सदस्य सविता देवी ने थत्यूड़- ढाणा अस्पताल रोड की मरम्मत न होने पर रोष जताया। विरोड के प्रधान राजकुमारी ने लालूड पंपिंग पेयजल योजना से उनके गांव को पानी न मिलने की शिकायत दर्ज की। प्रधान कुलबीर रावत ने मैड- भुयासारी मोटर मार्ग निर्माण में अधिग्रहण की गई भूमि का मुआवजा न मिलने की शिकायत की।
बैठक में ज्येष्ठ उप प्रमुख जय कृष्ण उनियाल, डीपीआरओ एमएम खान, तहसीलदार बिरम सिंह पंवार, बीडीओ अर्जुन सिंह रावत, प्रधान संगठन के अध्यक्ष प्रदीप कवि, अरविंद शर्मा, ममता रावत, सविता देवी, रामदयाल शाह, जोत सिंह रावत आदि मौजूद रहे।