राज्य स्थापना दिवस पर दिया जाएगा पुरस्कार
नई टिहरी। मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार के लिए प्राप्त किए गए आवेदन पत्रों का सत्यापन और नामो की संस्तुति को लेकर प्रभारी जिलाधिकारी व सीडीओ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। उन्होंने पुरस्कार के लिए प्राप्त आवेदनों पत्रों का का भौतिक सत्यापन कराने और बाल विकास, पुलिस, बाल कल्याण समिति और परिवीक्षा विभाग के एक-एक सदस्य की टीम गठित कर सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पात्र बच्चों के नाम पर निर्णय लिया जाएगा। बाल वीरों को राज्य स्थापना दिवस पर पुरस्कृत किया जाएगा।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में बताया गया कि प्रदेश सरकार की ओर से असाधारण साहस और वीरता का परिचय देने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार शुरू किया गया है। पुरस्कार के लिए चयनित बच्चे को 51 हजार रुपये की नकद धनराशि, पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
पुरस्कार के लिए घटना के समय छह वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम आयु के ऐसे बच्चे पात्र होंगे, जिन्होंने पिछले दो वर्षों के दौरान असाधारण साहस, वीरता और मानवीय संवेदना का परिचय दिया हो। योजना के तहत प्रत्येक जिले से एक बच्चे का चयन किए जाने का प्रावधान है। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव, जिला परिवीक्षा अधिकारी ज्योति पटवाल और डीईओ मो. तसलीम कुरैशी आदि मौजूद थे।