नियुक्ति की मांग के लिए अधीक्षण अभयिंता कार्यालय मे धरने पर मा के साथ बैठा दिनेश बहुगुणा
- फोटो : Amar Ujala
ऊर्जा निगम से कार्यमुक्त किए गए उपनल कर्मचारी दिनेश बहुगुणा ने अपनी मां सुंदरी देवी के साथ अधीक्षण अभियंता कार्यालय में धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने नौकरी में बहाली की मांग की है। इधर, ऊर्जा निगम का कहना है कि संबंधित कर्मचारी को कई बार कार्य सुधार की सलाह दी गई थी, लेकिन उसकी कार्यप्रणाली नहीं सुधरी। इसलिए उसको कार्यमुक्त करना मजबूरी हो गई थी।
बुधवार से अधीक्षण अभियंता कार्यालय में आंदोलन शुरू करते हुए बहुगुणा ने बताया कि वह उपनल के माध्यम से सतपुली उपखंड में आठ वर्षों से बतौर मीटर रीडर कार्य कर रहा था। 2 जून को एसडीओ सतपुली ने बिना कारण बताए उनको कार्यमुक्त कर दिया। नौकरी से हटाए जाने की वजह से उसका जीवनयापन मुश्किल हो गया है। उसने विभागीय अधिकारियों से पुनर्नियुक्ति की मांग की।
इधर, विद्युत वितरण खंड पौड़ी के अधिशासी अभियंता अनूप कुमार ने बताया कि कर्मचारी की हर स्तर से शिकायत आ रही थी। उपभोक्ता मीटर रीडिंग नहीं होने की शिकायत कर रहे थे। उसको कई बार कार्यप्रणाली सुधारने की हिदायत दी गई, लेकिन सुधार नहीं हुआ।