जिले में अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। टिहरी पहुंचे उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्यौगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के वैज्ञानिकों ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए कहा कि यूकॉस्ट एससी-एसटी बाहुल्य क्षेत्रों में जरूरत के अनुरूप विकास का मॉडल तैयार करेगा।
सोमवार को विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में यूकॉस्ट के संयुक्त निदेशक डा. डीपी उनियाल ने बताया कि यूकॉस्ट द्वारा गठित प्रकोष्ठ का वित्त पोषण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा किया जाएगा। यूकॉस्ट के डा. मनमोहन रावत ने बताया कि परियोजना के तहत अनुसूचित जाति/जनजाति के स्थानों को चिह्नित किया जाएगा। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी किशन सिंह चौहान, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक महेश प्रकाश, एसीएमओ दीपा रूबाली, डीईओ बेसिक विनोद ढौंडियाल, ईई डीएम गुप्ता, एएमए संजय खंडूड़ी और यूकॉस्ट के संतोष रावत आदि मौजूद थे।