थत्यूड़(टिहरी)। जौनपुर ब्लाॅक में थत्यूड़ पुलिस थाना क्षेत्र में 29 अक्तूबर की रात करीब पौने दस बजे भुयांसारी-किंसू मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई जिससे कार में सवार दो युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सीएचसी थत्यूड़ में भर्ती कराया है। दाेनों की स्थिति में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
थाना पुलिस ने बताया कि 29 अक्तूबर की रात करीब पौने 10 बजे दुगड़ा से एक किमी आगे भुयांसारी-किंसु मोटर मार्ग पर कार दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस शीघ्र मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम ने सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गिरी कार के पास पहुंचकर घायल कार चालक मुकेश सिंह (27) पुत्र जय सिंह और सुनील राणा (34) पुत्र रतन सिंह राणा दोनों निवासी ग्राम ठीक थाना थत्यूड़ टिहरी गढ़वाल को खाई से निकालकर 108 सेवा से सीएचसी थत्यूड़ पहुंचाया। वहां दोनों की स्थिति ठीक बताई गई है। बताया गया कि कार सवार मसूरी से अपने गांव ठीक जा रहे थे। इस दौरान हादसा हो गया। पुलिस ने बताया कि अभी कार दुर्घटना कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। संवाद
पुलिस और होमगार्ड जवानों का स्वास्थ्य जांचा
नई टिहरी। राष्ट्रीय एकता दिवस पर टिहरी पुलिस की ओर से विभिन्न थानों में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि कोतवाली घनसाली, थाना हिंडोलाखाल, कोतवाली कीर्तिनगर और मुनिकीरेती थाने की चौकी भद्रकाली में मेडिकल कैंप आयोजित किए गए। स्वास्थ्य शिविरों में पुलिस कर्मियों, होमगार्ड, पीआरडी जवानों और उनके परिजनों और यात्रा में चल रहे वाहन चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। थाना परिसर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी से पहुंचे चिकित्सकों की टीम द्वारा मेडिकल परीक्षण और परामर्श शिविर लगाया गया। संवाद