सेमली में एक मकान के बगल से मिट्टी हटा रहे दो नेपाली मूल के मजदूर मिट्टी गिरने से उसके नीचे दब गए। जेसीबी से मिट्टी हटाई गई। घटना के पौने दो घटे बाद एक और कुछ दूर बाद दूसरे मजदूर का भी शव मिल गया।
एसडीएम पीआर चौहान ने बताया कि सोमवार शाम छह नेपाल मूल के मजदूर सेमली में रमेश चंद्र के मकान के बगल से मिट्टी हटाने के काम में लगे थे। शाम करीब पांच बजे दो मजदूर कोने से मिट्टी हटा रहे थे कि अचानक ऊपर से मिट्टी का ढेर मजदूरों के ऊपर गिर गया। जिससे दोनों मजदूर नामराज बगोटी (35) नारायण नगर पालिका, जिला दहीलेक नेपाल और जंबू मल्ला (26) निवासी पांखा जिला कालीकोट मलबे में दब गए। आनन-फानन में मौके पर जेसीबी से मिट्टी हटाने का काम शुरू किया गया, लेकिन ऊपर से और मिट्टी गिरने से दिक्कतें बढ़ गई। बताया गया कि करीब पौने दो घंटे बाद एक मजदूर का और कुछ देर बाद दूसरे मजदूर का शव मिला। एसडीएम ने बताया कि वहां छह मजदूर काम कर रहे थे। चार बाहर की तरफ थे, दो मजदूर कोने से मिट्टी हटा रहे थे कि वह अचानक गिरे मलबे से दब गए।