गड्ढे और उड़ती धूल बढ़ा रहा लोगों की मुसीबतें
थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर विकासखंड का दुगड्डा–बंगशील मोटर मार्ग जर्जर और खस्ताहाल बना है। मरम्मत के अभाव में सड़क पर जगह-जगह गडढे बन गए। खस्ताहाल सड़क पर आवागमन करने पर ग्रामीणों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग देवलसारी और नागटिब्बा को जोड़ता है।
दुगड्डा से बंगशील तक पांच किमी लंबी यह सड़क खस्ताहाल बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। गड्ढों में तब्दील मार्ग पर वाहन हिचकोले खाते हुए चल रहे हैं। धूल उड़ने से आगे-पीछे चलने वाले वाहन तक साफ नजर नहीं आते जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है।
बारिश होने पर गडढ़ों में जलभराव हो जाता है। वाहनों का आवागमन होते ही राहगीरों पर कीचड़ गिर जाता है। स्थानीय निवासी धनबीर नेगी का कहना है कि यह मार्ग पर्यटन और स्थानीय लोगों की जरूरतों से जुड़ा है। इसके बावजूद वर्षों से सड़क की अनदेखी की जा रही है। पूर्व जेस्ट प्रमुख महिपाल सिंह रावत, अमित बडियारी, प्रवीण असवाल का कहना है कि यदि शीघ्र सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो क्षेत्र के लोग आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगे। पूर्व प्रधान लाखी सिंह परमार, विक्रम सिंह परमार, प्रेम सिंह राणा ने भी शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से तत्काल समस्या का संज्ञान लेने की मांग की। उनका कहना है कि सड़क की बदहाली से वाहन चालकों को रोजाना नुकसान उठाना पड़ रहा है।
दुगड्डा-बंगशील मोटर मार्ग के नवीनीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। इस वित्तीय वर्ष में धनराशि की स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। स्वीकृति मिलते ही सड़क पर मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
-राजेंद्र टम्टा, ईई, लोनिवि थत्यूड़