थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर ब्लाॅक मुख्यालय के थत्यूड़ बाजार में जाम का कारण बन रहे वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस ने कहा कि दिवाली से पहले व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन के साथ हुई बैठक में स्पष्ट कहा गया था कि कोई भी व्यक्ति यहां बाजार में अपने वाहन कहीं भी आड़े-तिरछे खड़े नहीं करेगा। बावजूद लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। जिससे पुलिस को चालान की कार्रवाई करनी पड़ रही है।
पुलिस उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि थत्यूड़ बाजार में अधिकतर लोग अपने वाहन सड़क पर आड़े-तिरछे खड़े कर निकल जाते हैं, जिससे बाजार में जाम की समस्या पैदा हो जाती है। इससे निपटने के लिए दिवाली के त्योहार से पहले सभी व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक की गई थी, जिसमें सर्वसम्मत से तय किया गया था कि कोई भी व्यापारी व अन्य लोग इस तरह बाजार में सड़क किनारे बेतरतीब वाहन पार्क नहीं करेंगे।
बावजूद सोमवार को बाजार में वही पुरानी स्थिति देखने को मिली। इससे पुलिस को चालान की कार्रवाई करनी पड़ रही है। सोमवार को पांच वाहनों के चालान काटे गए। उन्होंने कहा कि वाहन पार्क करने के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं। उन्होंने लोगों से निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करने को कहा है। इस बाबत व्यापार मंडल अध्यक्ष अकवीर पंवार और महामंत्री विक्रम चौहान ने कहा कि थानाध्यक्ष अमित शर्मा के साथ हुई व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन की बैठक में तय किया गया था, कोई भी बाजार क्षेत्र में वाहन पार्क नहीं करेंगे। सभी लोगों को तय प्वाइंट पर ही वाहन पार्क करने चाहिए।