प्रतापनगर ब्लॉक का मुख्य बाजार अब हर रविवार को बंद रहेगा। व्यापार मंडल ने यह निर्णय लिया है। हालांकि व्यापार मंडल के इस निर्णय से व्यापारियों में मतभेद भी देखने को मिला है। साप्ताहिक बंदी का पहला ट्रॉयल सफल रहा। पूर्व में लंबगांव बाजार प्रत्येक माह की 15 और 30 तारीख को ही बंद रहता था।
लॉकडाउन के दौरान पहली बार लंबगांव बाजार को ट्रायल के तौर पर साप्ताहिक बंदी की गई है। व्यापार मंडल अध्यक्ष केशव रावत की अध्यक्षता में व्यापार मंडल ने अब हर रविवार को बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। अब लंबगांव भी नगर पंचायत बन गया है। इस निर्णय से व्यापारी और उनके साथ कार्यरत कामगार सप्ताह में एक दिन अपने परिवार को भी दे सकेंगे। हालांकि आनन-फानन में लिए गए इस निर्णय से कई व्यापारियों में मदभेद देखने को मिला। व्यापारी मोर चंद रमोला और जयदेव रावत का कहना है कि ग्रामीण बाजार में साप्ताहिक बंदी का निर्णय गलत है। रविवार को ही ग्रामीण खरीदारी के लिए बाजार आते हैं। लॉकडाउन में पहले ही बाजारों की स्थिति खराब है। ऐसे में इस निर्णय को कुछ समय बाद भी लिया जा सकता था। जबकि व्यापारी सतीश रांगड़, दर्शन सिंह पोखरियाल, कैलाश पंवार, नरेश रावत, जसवीर बिष्ट, नरेंद्र सिह ने साप्ताहिक बंदी को उचित निर्णय बताया है।