काम देर से शुरू करने पर दीपावली तक कैसे पूरा होगा कार्य
व्यापारियों ने कहा, जल्द शुरू नहीं किया गया तो दिवाली के बाद ही दी जाएगी अनुमति
नई टिहरी। एडीबी की ओर से बौराड़ी कवर्ड मार्केट का सौंदर्यीकरण कार्य 10 जुलाई से शुरू नहीं होने के कारण व्यापारियों में खासी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था की लापरवाही के कारण उन्हें दोहरा नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापारियों ने कहा कि रिनोवेशन कार्य जल्द शुरू नहीं किया जाता है तो वे दिवाली के बाद ही कार्य शुरू करने की अनुमति देंगे।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद को एडीबी के सहयोग से बौराड़ी बस अड्डा और कवर्ड मार्केट का नवीनीकरण कार्य करने के साथ ही ओपन थियेटर में सिटी सेंटर स्थापित करने की स्वीकृति मिली है। 22 करोड़ के प्रोजेक्ट में बस अड्डे का काम शुरू कर दिया गया है लेकिन कवर्ड मार्केट में काम शुरू नहीं हो पाया है। इससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
व्यापारी प्रमोद चमोली, भगत सिंह नेगी, जसवेंद्र सिंह और शिव सिंह नेगी ने बताया कि एसडीएम के साथ पर्यटन विकास परिषद, कार्यदायी संस्था और व्यापार मंडल की बैठक में 10 जुलाई से कार्य शुरू कर दिवाली से पहले तीन माह में काम पूरा करने की बात हुई थी। इस दौरान पूरे तीन महीने तक कवर्ड मार्केट की सभी 78 दुकानें बंद रहेंगी लेकिन 15 जुलाई तक भी व्यापारियों को दो हजार रुपये प्रतिदिन का मुआवजा मिला और न ही काम शुरू हो पाया है।
इससे जहां व्यापारी बाहर से नया सामान नहीं मंगा पा रहे हैं वहीं ग्राहक भी कम आ रहे हैं। विभाग भी कुल तीन माह का ही मुआवजा दे रहा है। ऐसे में काम जल्द शुरू नहीं किया जाता है तो दीपावली से पहले काम पूरा होना मुश्किल है। दो-तीन दिन में मुआवजा वितरण कर नवीनीकरण कार्य शुरू नहीं किया जाता है तो 21 अक्तूबर को दीपावली के बाद ही कार्य शुरू करने पर सहमति दी जाएगी।
बौराड़ी कवर्ड मार्केट के व्यापारियों की मुआवजा राशि विभाग के पास उपलब्ध है लेकिन व्यापार मंडल की सूची में व्यापारियों की संख्या बढ़ने के कारण फाइल फिर से पुष्टि के लिए एडीबी को भेजी गई है। वहां से शीघ्र ही एनओसी मिल जाएगी। उसके बाद कार्य शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
- आशीष कठैत, परियोजना प्रबंधक, पर्यटन विकास परिषद।