नई टिहरी में बैठक लेते कोविड निगरानी समिति के सदस्य अशोक कुमार।
- फोटो : NEW TEHRI
कोविड-19 को लेकर हाईकोर्ट के आदेश पर गठित जिला अनुश्रवण एवं निगरानी समिति ने बौराड़ी में टेड्र फेयर और घनसाली में बिना अनुमति के मेला आयोजित करने पर कड़ी आपत्ति जताई। कहा कि दोनों स्थानों पर बिना समिति के संज्ञान में लाए आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने दोनों ईओ और अध्यक्ष को कोरोना की गाइडलाइन के पालन के संबंध में अपना शपथ पत्र दाखिल करने को कहा। साथ ही बैठक में मौजूद न होने पर अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी तलब किया।
कलक्ट्रेट में आयोजित निगरानी समिति की बैठक में समिति के सदस्य व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अशोक कुमार ने कहा कि देश के कई राज्यों में फिर से कोरोना संक्रमण बढ़ने लगा है। ऐसे में हम सभी को और सावधानी बरतकर सरकार की एसओपी का पालन करना चाहिए। कहा कि बौराड़ी में नगर पालिका ने ट्रेड फेयर और घनसाली नगर पंचायत ने बिना निगरानी समिति के अनुमति और कोरोना संक्रमण एसओपी के पालन के संबंध में पुख्ता जानकारी के मेला शुरू कर दिया है। उन्होंने संबंधित ईओ से तत्काल शपथ दाखिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि जो अधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हुए हैं, उनका स्पष्टीकरण तलब किया जाए। समिति के सदस्य/अध्यक्ष जिला बार एसोसिएशन शांति प्रसाद भट्ट ने कहा कि सामाजिक जागरूकता से जिले में कोरोना संक्रमण के मामले कम सामने आ रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट में सही आंकड़े प्रस्तुत करने को कहा। इस मौके पर एसडीएम रविंद्र ज्वांठा, एसीएमओ डा. एलडी सेमवाल, डीईओ एसएस बिष्ट, डीडीएमओ बृजेश भट्ट, जिला पंचायत के एएमए संजय खंडूड़ी, ईओ राजेंद्र सजवाण, वीरेंद्र पंवार और कुलदीप नैथानी आदि मौजूद थे।