जिले को भारत बायोटेक की कोवाक्सिन की पहली बार 24 सौ डोज मिली है। शुक्रवार से कोवाक्सिन की यह डोज चार नए केंद्रों पर 18 से 44 साल आयु वर्ग के लोगों को लगाई जाएगी। साथ ही अब कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए काम कर रहे पंचायत प्रतिनिधियों को प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीन लगाने के लिए प्रशासन ने आदेश जारी कर दिए हैं।
शुक्रवार (आज) से प्रतापनगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छेरपधार, भिलंगना के बाल गंगा इंटर कॉलेज केमरा, जौनपुर के इंटर कॉलेज थत्यूड़-द्वितीय और तहसील भवन देवप्रयाग में भी वैक्सीनेशन का कार्य शुरू होगा। इन केंद्रों पर पहली बार जिले को मिली भारत बायोटेक की कोवाक्सिन की डोज दी जाएगी। इससे पहले 10 केंद्रों पर 18 से 44 साल के लोगों को कोविशील्ड वैक्सीन लगाई जा रही है।
सीएमओ डा. सुमन आर्य ने बताया कि कोवाक्सिन की 24 सौ डोज मिल चुकी है। चार केंद्रों पर शुक्रवार से 100-100 वैक्सीन लगाई जाएगी। दूसरी, ओर डीएम के निर्देश पद सीडीओ अभिषेक रूहेला ने सीएमओ को पत्र जारी कर कोरोना संक्रमण से बचाव में भागीदारी निभा रहे ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत प्रतिनिधियों को प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण के निर्देश दिए हैं।