राज्यसभा सांसद डाॅ. सैनी ने किया यात्रा का रवाना
नई टिहरी। भाजपा ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सैनिकों के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली। वक्ताओं ने कहा कि सेना ने पाकिस्तान के अंदर घुस कर वहां संचालित आतंकवादी कैंपों को ध्वस्त कर दुनिया में भारत का लोहा मनवाया है।
शनिवार को भाजपाइयों ने गीता भवन बौराड़ी से साईं चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली। राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने गीता भवन से यात्रा को रवाना किया। बौराड़ी चौक पर हुई सभा में राज्यसभा सांसद ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व ने देश के दुश्मन से निपटने के लिए सेनाओं को खुली छूट देकर सेना का मनोबल बढ़ाया है।
विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि तीनों सेनाओं के शौर्य और पराक्रम पर पूरे देश को गर्व है। जिलाध्यक्ष उदय रावत के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा में ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, जिला पंचायत प्रशासक सोना सजवाण, ब्लॉक प्रशासक सुनीता देवी, विनोद रतूड़ी, सुशील रावत, मंडल अध्यक्ष विजय कठैत, राजेंद्र जुयाल, दिनेश डोभाल, परमवीर पंवार मौजूद थे।