फायर सीजन अभी शुरू ही हुआ है कि जंगल आग से धधकने लगे हैं, लेकिन वन विभाग की तैयारियां नजर नहीं आ रही है। विभाग की यही स्थिति रही तो जंगलों को आग से बचाना आसान नहीं होगा। बालगंगा और भिलंगना के जंगल तीन दिनों से आग की चपेट में हैं, लेकिन वन विभाग आग को काबू नहीं कर पाया है।
भिलंगना ब्लॉक में बालगंगा रेंज के कांगड़ा कंपार्टमेंट के सिल्यारा और केमरा गांव के पास जंगल में तीन दिनों से आग लगी है। वनाग्नि पर काबू नहीं पाने से आग बाल्डियाखाल के जंगल से होते हुए भिलंगना रेंज में तहसील और ब्लाक मुख्यालय के ठीक ऊपर पहुंच गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि विभाग कंट्रोल बर्निंग का बहाना बना कर अपनी नाकामी छिपाने का प्रयास कर रहा है, जबकि जंगल की आग कई दूर तक पहुंच गई है। ग्रामीण राजेंद्र प्रसाद, हीरामणी और उदय सिंह ने बताया कि जंगलों में तीन दिनों से आग लगी है, जिसे वन विभाग काबू नहीं कर पा रहा है। जिससे आग फैलती जा रही है। अधिकारी भी अलग-अलग बयान देकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।
बालगंगा रेंज अधिकारी पूजा पयाल ने कहा कि भिलंगना रेंज के जंगल में भड़की आग बालगंगा में आई है। वनाग्नि पर काबू पाने के लिए स्टाफ लगाया गया है। जबकि कुछ स्थानों पर कंट्रोल बर्निंग की जा रही है। वहीं भिलंगना रेंज अधिकारी एसएस असवाल ने कहा कि विभाग की ओर से कंट्रोल बर्निंग की जा रही है। यह कार्य दिन में ही किया जाता है। जंगल में कहीं भी आग नहीं लगी है।