नई टिहरी। भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि 15 अगस्त के बाद पर्दाफाश रैली निकालकर कांग्रेस सरकार की नाकामियों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाया जाएगा। सीएम का स्टिंग आपरेशन, भ्रष्टाचार, पलायन, बेरोजगारी, आपदा, आबकारी, खनन घोटाले को पार्टी प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में नया-पुराना नहीं बल्कि जिताऊ व्यक्ति को ही टिकट दिया जाएगा।
भाजपा प्रदेश प्रभारी जाजू बृहस्पतिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लिए जिला और विधानसभावार कार्यकर्ताओं की राय लेकर भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी। पर्दाफाश रैली की तैयारियों की जिम्मेदारी पार्टी के प्रदेश महामंत्री खजान दास को दी गई है। रैली की अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, बीसी खंडूरी, डा. रमेश पोखरियाल निशंक, विजय बहुगुणा, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, सतपाल महाराज और केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा करेंगे।
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार राज्य के विकास को पैसा दे रही है, लेकिन उस पैसे का सदुपयोग नहीं हो रहा है। भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के 10 बागियों को टिकट देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में कोई नया पुराना कार्यकर्ता नहीं है। सभी लोग बिना शर्त शामिल हुए हैं। जनता में मजबूत पकड़ रखने वाले जिताऊ व्यक्ति को ही टिकट दिया जाएगा। टिकट को लेकर पार्टी सर्वे भी करवा रही है। सर्वे रिपोर्ट संसदीय बोर्ड के समक्ष रखने के बाद ही टिकट तय किए जाएंगे। इस दौरान प्रदेश महामंत्री खजान दास, जिलाध्यक्ष संजय नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, जिला प्रभारी कुसुम कंडवाल, अतर सिंह तोमर, दिनेश डोभाल, विनोद सुयाल, धन सिंह नेगी, गोविंद बिष्ट, बृजभूषण गैरोला, मदन रावत, कृपाल सिंह चौहान, मीरा सकलानी, गोपीराम चमोली, शीशराम थपलियाल, गोविंद रावत, विजय कठैत आदि मौजूद थे।