पुनर्वास, स्कूल भवन निर्माण सहित सात सूत्री मांग को लेकर आंदोलनरत है गेंवाली के लोग
घनसाली (टिहरी)। सड़क मरम्मत, पुल निर्माण शुरू करने, मोबाइल टावर स्थापित करने की मांग को लेकर सीमांत गेंवाली गांव के पूर्व प्रधान बचन सिंह रावत छठवें दिन भी भूख हड़ताल पर डटे रहे। उनके समर्थन में गांव की महिलाएं और अन्य लोग क्रमिक अनशन पर बैठे रहे। ग्रामीणों से वार्ता के लिए हथकरघा और हस्तशिल्प विकास परिषद के उपाध्यक्ष वीरेंद्र दत्त सेमवाल व दर्शन लाल आर्य गेंवाली गांव पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत ग्रामीणों से जिला प्रशासन से वार्ता कर जल्द समस्याओं के समाधान करने का आश्वासन दिया लेकिन ग्रामीण नहीं माने।
आंदोलनरत लोगों ने कहा कि जब तब संबंधित विभागीय अधिकारी स्वयं गांव में आकर लंबित समस्याओं का समाधान नहीं करते तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। कहा पहले भी उन्हें अधिकारियों ने आश्वासन दिया लेकिन धरातल पर कोई भी कार्य नहीं हुआ। आपदा प्रभावित 12 परिवारों का पुनर्वास, क्षतिग्रस्त जूनियर हाईस्कूल भवन का निर्माण शुरू करने सहित सात सूत्री मांग को लेकर ग्रामीण 20 फरवरी से आंदोलनरत है। धरने पर ग्राम प्रधान विजेश्वरी देवी, सुमित्रा देवी, अशरूपी देवी, प्यारी देवी, अमरदेई देवी, वीर सिंह, मखन सिंह, भीम सिंह, शिव सिंह, विक्रम सिंह, अरविंद सिंह, शेर सिंह आदि मौजूद रहे।