नई टिहरी। टिहरी रेंज के कौडिया अनुभाग के खड़ीखाल ग्राम पंचायत के सिविल नापखेत में लगी आग को वन विभाग ने ग्रामीणों की मदद से रिजर्व फॉरेस्ट नैलबागी के जंगल में पहुंचने से पहले ही काबू कर लिया।
कौडिया अनुभाग अधिकारी अजयपाल सिंह पंवार ने बताया कि खड़ीखाल ग्राम पंचायत के सिविल नापखेत क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब सात बजे आग लग गई। ग्रामीण उपेंद्र पुंडीर ने आग लगने की सूचना उन्हें फोन से दी। कौडिया अनुभाग अधिकारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एक घंटे के भीतर ग्रामीण महिलाओं की मद्द से रिजर्व फॉरेस्ट में पहुंचने से पहले ही आग को पूरी तरह से काबू कर लिया गया। अनुभाग अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने में खड़ीखाल की महिलाओं ने विशेष सहयोग किया। अनुभाग अधिकारी ने मौके पर महिलाओं को नकद पुरस्कार राशि भी प्रदान की। इस मौके पर वन बीट अधिकारी नरेंद्र सिंह नेगी, कृष्ण सिंह, आशा देवी, माया देवी, सीमा देवी, सरोजनी देवी, उपेंद्र सिंह पुंडीर, कृष्णा सिंह आदि मौजूद थे। संवाद