पार्किंग नहीं होने से जिला अस्पताल के पास आए दिन लगता है जाम
यातायात व्यवस्था पर भारी पड़ रही कार्यदायी संस्था की लेटलतीफी
नई टिहरी। जिला अस्पताल बौराड़ी के परिसर में वाहन पार्किंग निर्माण पूरा करने के लिए 14 माह का समय तय था लेकिन 19 माह बाद भी पार्किंग का निर्माण अधूरा है। नतीजतन अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचने वाले लोगों को वाहन पार्किंग की सुविधा नहीं मिल पा रही है। लोग अस्पताल के आसपास सड़क पर वाहन आड़े तिरछे खड़े करते हैं जिससे कई बार जाम लग जाता है।
बौराड़ी और आसपास के क्षेत्र में पार्किंग का अभाव है। प्रदेश सरकार ने जिला अस्पताल के समीप 2021 में पार्किंग निर्माण के लिए 4 करोड़ 47 लाख की स्वीकृति दी थी। अक्तूबर 2021 में पार्किंग निर्माण शुरू हुआ था। कार्यदायी संस्था ने दिसंबर 2022 तक पार्किंग निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। तय समय पर कार्य पूरा न होने पर कार्यदायी संस्था पेयजल निर्माण निगम चंबा ने डेडलाइन का विस्तार कर मार्च 2022 तक काम पूरा करने का दावा किया।
निर्माण एजेंसी की सुस्ती लोगों को भारी पड़ रही है। आए दिन जिला अस्पताल मार्ग पर लंबा जाम लग जाता है। मरीजों, एंबुलेंस और तीमारदारों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है। मार्ग पर जीजीआईसी, पीआईसी, डायट, संस्कृत महाविद्यालय, मॉडल स्कूल, जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय, विद्युत वितरण खंड, पीजी कॉलेज, पोस्ट ऑफिस जैसे बड़े संस्थान हैं। ऐसे में अस्पताल जाने वाले लोग मजबूरन सड़क पर ही वाहन खड़ा करने को मजबूर हो जाते हैंं।
समय पर बजट न मिलने के कारण कार्य में विलंब हो रहा है। 4.47 लाख के सापेक्ष शासन से सिर्फ 2.86 लाख बजट ही मिल पाया है। जिला अस्पताल की पार्किंग का कार्य अंतिम चरण में है।
-सौरभ शर्मा, ईई, पेयजल निर्माण निगम चंबा