मार्ग पर मलबे के ढेर, नहीं है सुरक्षा के कोई इंतजाम
नई टिहरी। चंबा ब्लॉक का ज्ञानसू-ग्वाड़-पस्सी मोटर मार्ग निर्माण के बाद से ही जर्जर और क्षतिग्रस्त है। मार्ग पर जगह-जगह मलबे के ढेर लगे हैं। सड़क पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है।
जिला मुख्यालय के समीपवर्ती ज्ञानसू, पस्सी, कोटी गांव के लोगों को आवागमन की सुविधा के लिए सरकार ने पांच किमी लंबे ज्ञानसू-ग्वाड़-पस्सी मोटर मार्ग की स्वीकृति दी थी। कोरोना काल में कार्यदायी संस्था लोनिवि चंबा ने जैसे तैसे निर्माण कार्य पूरा करा इतिश्री कर दी। दो साल से ज्यादा का समय बीतने पर भी मार्ग के सुधारीकरण की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। गत वर्ष आपदा में मोटर मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया था। पूरे मार्ग पर मलबे और पत्थर के ढेर लगे हुए हैं।
स्थानीय निवासी विजेंद्र भारती, राहुल, सतीश, जिला पंचायत सदस्य हितेश चौहान, जेएस नेगी का कहना है कि कई बार लोनिवि को मार्ग की स्थिति से अवगत करा दिया है लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। लोनिवि चंबा ईई पीएस नेगी का कहना है कि ज्ञानसू-ग्वाड़-पस्सी मार्ग के सुधारीकरण और अन्य कार्य के लिए बजट उपलब्ध नहीं है। आपदा में क्षतिग्रस्त दीवार और मलबे को हटाने के लिए बाढ़ और भूस्खलन मद में प्रस्ताव भेजकर धनराशि की मांग की है।