कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की तीन सदस्यीय टीम टिहरी पहुंची। टीम ने पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से साथ मंत्रणा कर चुनावी तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने टिहरी विधानसभा क्षेत्र से गैर कांग्रेस व्यक्ति को टिकट न देने की भी मांग की।
बुधवार को प्रशांत के अहम सदस्य मीरा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कई घंटे पार्टी कार्यालय में जिले की टिहरी, प्रतापनगर, धनोल्टी और घनसाली विधानसभा में चुनावी मुद्दों को लेकर चर्चा की। उन्होंने पदाधिकारियों से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के बड़े मुद्दों की जानकारी ली, जिसका सीधा लगाव आम वोटर से हो। कार्यकर्ताओं से विरोधी दलों की चुनावी रणनीति एवं मुद्दों को लेकर भी संवाद किया।
जिलाध्यक्ष सूरज राणा ने विधानसभावार मुद्दों की सूची टीम को सौंपी। कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशियों को लेकर भी सवाल उठाए, लेकिन टीम ने कहा कि पहले चरण में चुनावी मुद्दा ही टीम का हिस्सा होगा। दूसरे चरण में प्रत्याशी चयन से लेकर बातों पर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जाएगा।
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष कीर्ति सिंह नेगी, दुग्ध संघ के अध्यक्ष पदम सिंह कुमाईं, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. प्रमोद उनियाल, पूर्व प्रमुख पूरण चंद रमोला, शहर अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल, एससी विभाग के जिलाध्यक्ष संपत लाल शाह, साब सिंह सजवाण, ज्योति भट्ट आदि ने सुझाव दिए।