विजेता और उप विजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित
चंबा (टिहरी)। एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में गढ़वाल केंद्रीय विवि की अंतर महाविद्यालय महिला खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें बादशाहीथौल परिसर विजेता और बिड़ला परिसर श्रीनगर की टीम उप विजेता रही। विजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के मैदान में आयोजित खो-खो प्रतियोगिता का परिसर के प्रभारी निदेशक प्रो़ जेडीएस नेगी ने शुभारंभ किया। प्रतियोगिता का पहले सेमीफाइनल मैच में बादशाहीथौल टिहरी की टीम ने पौड़ी परिसर की टीम को 15 अंकों हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में बिड़ला परिसर श्रीनगर की टीम ने डीएवी देहरादून को 19-6 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला में बादशाहीथौल परिसर और बिरला परिसर श्रीनगर के मध्य खेला गया जिसमें बादशाहीथौल ने श्रीनगर की टीम को 8-7 अंक के रोचक मुकाबले से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। विजेता और उप विजेता टीम को परिसर निदेशक प्रो़ नेगी, डॉ़ आरबी गोदियाल और क्रीड़ा अध्यक्ष प्रो़ पीडी सेमल्टी ने ट्रॉफी और प्रमाणपत्र बांटे।
उन्होंने कहा कि जीवन में खेल जरूरी है। खेल से मानसिक और शारीरिक विकास होता है। प्रतियोगिता आयोजक सचिव प्रो़ केसी पेटवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में चार टीमों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर प्रो़ एबी थपलियाल, प्रो़ यूएस नेगी, प्रो़ शंकर लाल, डॉ़ पूरनलाल मीणा, डॉ़ मोहित बिष्ट, डॉ़ प्रवीण कुमार, डॉ़ हंसराज बिष्ट, राकेश कोठारी मौजूद रहे।