विद्यालय भवन और कक्ष निर्माण के लिए दो करोड़ 43 लाख की धनराशि स्वीकृत
नई टिहरी। राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज अखोड़ी की स्थिति लंबे समय से जर्जर बनी है। विद्यालय भवन, कक्ष, लैब निर्माण सहित अन्य कार्यों के लिए शासन से दो करोड़ 43 लाख की धनराशि स्वीकृत की है। नए भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
भिलंगना ब्लॉक के जीआईसी अखोड़ी की वर्षों से जर्जर स्थिति बनी है। विद्यालय भवन की मरम्मत और नव निर्माण के लिए अभिभावक संघ लंबे समय से विद्यालय भवन के नव निर्माण की मांग करते आ रहे हैं। अभिभावक संघ के अध्यक्ष विक्रम सिंह घणाता ने कहा कि अखोड़ी गांव उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता स्व़ इंद्रमणी बडोनी का पैतृक गांव है।
अखोड़ी क्षेत्र का केंद्र बिंदु होने के कारण विद्यालय में करीब 400 से अधिक छात्र संख्या है। पूर्व प्रमुख बसुमति घणाता की ओर से कई बार विद्यालय भवन के निर्माण की मांग उठाई गई थी लेकिन धनराशि नहीं मिलने के कारण विद्यालय भवन का नवनिर्माण कार्य नहीं हो पाया। घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह की ओर से विद्यालय के नवनिर्माण के लिए प्रयास किए गए जिसके बाद धनराशि की स्वीकृत मिल पाई। जीआईसी अखोड़ी को कलस्टर विद्यालय के रूप में चयनित करते हुए भवन निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत हुई है।
राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज अखोड़ी के नवनिर्माण के 2़ 43 लाख की धनराशि शासन से स्वीकृत हो गई है। विद्यालय भवन सहित अन्य निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया गतिमान है। अप्रैल में विद्यालय भवन का निर्माण कार्य शुरू होने उम्मीद है।
वीपी डंगवाल, अधिशासी अभियंता नियोजन खंड ऋषिकेश।