डीएम नितिका खंडेलवाल ने ली पर्यटन विभाग की बैठक
टिहरी बांध जलाशय में सुरक्षित जल क्रीड़ा की संभावनाओं पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम नितिका खंडेलवाल ने पर्यटन विभाग की बैठक ली। इस दौरान टिहरी बांध जलाशय की वहन क्षमता और सुरक्षित जल क्रीड़ा की गतिविधियों के विकास की संभावनाओं पर चर्चा की गई। डीएम ने बोट संचालकों को निर्धारित जोन में ही बोट संचालन का पालन करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि कोटीकॉलोनी में टेंट सिटी का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
डीएम ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कोटीकॉलोनी में टेंट सिटी विकसित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ वाटर स्पोर्ट्स गोवा के मैनेजर रणजीत सिंह ने वाटर स्पोर्ट्स ट्रेनिंग, लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया, फिजिबिलिटी स्टडी, रिस्क असेसमेंट, सेफ्टी ऑडिट और अकादमिक कोर्स की जानकारी दी। संस्थान के वाटर स्पोर्ट्स इंस्ट्रक्टर समीर ने बताया कि देश में यह पहला सर्वे टिहरी में किया जा रहा है। इस सर्वे में यह अध्ययन किया गया कि किस क्षेत्र में कितनी बोटें सुरक्षित संचालित हो सकती हैं। इसके लिए जलाशय को पांच जोन में चिह्नित किया गया है जिसमें कोटीकॉलोनी, ली-रॉय, डोबरा-चांठी, नंदगांव और सांदणा बोटिंग प्वाइंट शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सर्वे दो चरणों में हाई वाटर लेवल और लो वाटर लेवल में पूरा किया गया है। बोट यूनियन ने नौका रखरखाव करने, ली रॉय बोटिंग प्वाइंट तक 200 मीटर सड़क बनाने और जल्द टेंट सिटी की सुविधा प्रदान करने की मांग की। बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी एसएस राणा, एडीबी के प्रोजेक्ट मैनेजर आशीष कठैत, टीएचडीसी से संजय महार, बोट यूनियन के अध्यक्ष लखवीर चौहान, अनुज, जितेंद्र, भूपेंद्र, प्रवीण और सौरव आदि मौजूद थे।