लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर ब्लॉक के मांजफ गांव में संचालित पांडव लीला के सातवें दिन कौरव-पांडव युद्ध और पितामह भीष्म से जुड़े मार्मिक प्रसंगों का कलाकारों ने मंचन किया। पांडव लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्र के लोग पहुंचे। प्रतापनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप चंद रमोला ने कहा कि पांडव लीला सत्य, अहिंसा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। मांजफ गांव के ग्रामीण अपनी समृद्ध लोक संस्कृति एवं पौराणिक विरासत को जीवंत रखने के लिए सदियों से इस परंपरा को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। कहा कि ग्रामीणों की पौराणिक सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए किया जा रहा यह प्रयास क्षेत्र के अन्य ग्रामीणों के लिए प्रेरणास्रोत है। पांडव लीला मंचन में पितामह भीष्म के जीवन त्याग, प्रतिज्ञा, धर्म कर्तव्य और त्याग के प्रसंगों के मंचन की अद्भुत मिसाल देखने को मिली। इस मौके पर ग्राम प्रधान गंभीर सिंह महर, पुलम सिंह महर, कीर्ति सिंह, धाम सिंह महर, संजय रमोला, रमेश सिंह, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद थे। संवाद
जौनपुर ब्लॉक की बीडीसी बैठक 25 नवंबर को
थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर क्षेत्र पंचायत की बैठक 25 नवंबर को ब्लॉक मुख्यालय सभागार थत्यूड़ में होगी। खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से ब्लॉक सभागार में बीडीसी बैठक होगी। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को तैयारी के साथ बैठक में आने को कहा है। जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने सभी बीडीसी, जिला पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों से बैठक में उपस्थित होने को कहा है। संवाद