नगर क्षेत्र की दीवारों पर बनी पेंटिंग के ऊपर चस्पा कर दिए गए पोस्टर
नई टिहरी। राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने नगर क्षेत्र की सड़कों के किनारे दीवारों पर बनी खूबसूरत पेंटिंग को बदरंग करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। पेंटिंग के ऊपर पोस्टर चस्पा करने में किसी भी राजनैतिक दल के लोग पीछे नहीं हैं।
जिला मुख्यालय के नई टिहरी, बौराड़ी बाजार सहित विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरने वाले सड़कों की दीवारों पर गत वर्ष प्रशासन व नगर पालिका ने लाखों रुपये खर्च कर देवी-देवताओं के मंदिर, टिहरी झील, गढ़वाल की पौराणिक कलाकृति सहित कई अन्य प्रकार के सुंदर चित्र बनवाए थे लेकिन राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने सुंदर चित्रों के ऊपर नववर्ष, मकर सक्रांति, गणतंत्र दिवस आदि पर्वों की शुभकामनाओं से जुड़े अपने पोस्टर चस्पा कर खूबसूरत दीवार खराब कर दी है।
पोस्टर चस्पा करने में बड़े से लेकर छोटे राजनैतिक दल के लोग शामिल हैं। नई टिहरी व्यापार मंडल के अध्यक्ष भगवान सिंह रावत का कहना कि व्यापार मंडल और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग लगातार शासन-प्रशासन से नई टिहरी को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही पालिका प्रशासन लोगों से नगर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील कर रहा है।
शहर को साफ और स्वच्छ रखना सभी संगठनों के साथ स्थानीय लोगों की जिम्मेदारी भी है लेकिन राजनीतिक दलों के लोगों प्रशासन की ओर से नगर क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर बनाई सुंदर पेंटिंग के ऊपर पोस्टर लगा दिए हैं जिससे पेंटिंग खराब हो गई है। शहर में बाहर से आने वाले लोगों के बीच इसको लेकर अच्छा संदेश नहीं जाएगा।
नगर क्षेत्र में बनी पेंटिंग के ऊपर जिन-जिन लोगों ने पोस्टर चस्पा किए हैं। उन सभी को पेंटिंग के ऊपर से पोस्टर हटाने के लिए शीघ्र नोटिस जारी कर दिए जाएंगे।
संदीप कुमार, एसडीएम टिहरी।