धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार ने वन मंत्री सुबोध उनियाल को भेजा पत्र
थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर में स्थित वन विभाग की चार रेंज मसूरी वन प्रभाग से हटाकर नरेंद्रनगर वन प्रभाग में शामिल करने के प्रस्ताव पर विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। लोगों के बाद अब धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने भी विभाग के इस निर्णय पर खासी नाराजगी जताई है। उन्होंने वन मंत्री को पत्र भेजकर फैसले को वापस लेने की मांग की है।
मसूरी वन प्रभाग में स्थित जौनपुर ब्लॉक की चार रेंज जौनपुर, देवलसारी, भद्रीगाड और कैंपटी रेंज को नरेंद्रनगर वन प्रभाग में शामिल किया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों को वन विभाग के निर्णय की भनक लगते ही विरोध शुरू हो गया है। स्थानीय लोगो के विरोध के बाद अब भाजपा के ही विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने भी वन विभाग के इस निर्णय को जनहित के विपरीत बताते हुए वन मंत्री को पत्र भेजकर इस प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की है।
पंवार ने पत्र में कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अवगत कराया है कि जौनपुर की चार रेंज मसूरी वन प्रभाग से हटाकर नरेंद्रनगर वन प्रभाग में शामिल करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जौनपुर की भौगोलिक स्थिति विषम है। ग्रामीणों को अपने हक-हकूक, फ्री ग्रांट और अन्य कार्यों की दिक्कत होगी। जनहित में सभी रेंज यथावत रखना जरूरी है। स्थानीय लोग भी रेंज हटाने का विरोध कर रहे हैं। जौनपुर से नरेंद्रनगर आवागमन करना आसान नहीं है। धनोल्टी विधायक प्रीतम ने सभी चारों रेंज यथावत मसूरी वन प्रभाग में ही रखने की मांग की है।