जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़ में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की दशा नहीं सुधर पा रही है। लोगों को सुविधा प्रदान करने के लिए सरकार ने अस्पताल को पीपीपी मोड में दिया था, लेकिन पब्लिक पार्टनर भी स्वास्थ्य सेवा देने में नाकाम साबित हो रहा है। वेतन नहीं मिलने पर चिकित्सक हड़ताल पर चले गए हैं।
चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए थत्यूड़ पीएचसी को पीपीपी मोड में दिया था, लेकिन पार्टनर के चिकित्सकों को समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण वह बुधवार से हड़ताल पर चले गए हैं। जिससे ब्लॉक की स्वास्थ्य व्यवस्था सरकार की ओर से अस्पताल में कार्यरत एक ही चिकित्सक के भरोसे है। ब्लॉक प्रमुख कुंवर सिंह पंवार ने कहा कि सरकार पहाड़ी क्षेत्रों के अस्पतालों की दशा सुधारने को गंभीर नहीं है, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर अस्पताल होने के बावजूद शहरों में मंहगा इलाज कराने को मजबूर होना पड़ रहा है। प्रधान गोविंद सिंह असवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रवीर पुंडीर और कुलवीर रावत ने चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की है।