नैनबाग शरदोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का चालदा महासू और भद्राज देवता की आरती के साथ हुआ आगाज
नैनबाग (टिहरी)। नैनबाग शरदोत्सव सांस्कृतिक संध्या में लोक गायकों की प्रस्तुति पर पांडाल में दर्शक झूम उठे। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के आराध्य देवता चालदा महासू महाराज और भद्राज देवता की आरती से हुआ।
हिमाचली लोक गायक अज्जू तोमर ने ‘चिट्टी लिखी हाथ कलमो, तारा लड़ियों हाथो कलमो..., तू बामणों कि बेटी..., सीताराम चौहान ने पौराणिक हारूल, श्याम सिंह चौहान और सचिन वर्मा ने ‘झुमका तेरा कानों क’ नॉन स्टॉप गीत की प्रस्तुति दी। इसके अलावा लोक गायकों ने जौनसारी और गढ़वाली गीतों की देर रात तक मनमोहक प्रस्तुति दी।
मसूरी नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि जौनपुर- जौनसार की संस्कृति और रीति रिवाज को नैनबाग शरदोत्सव समिति आगे बढ़ाने का काम कर रही है। शरदोत्सव समिति ने क्षेत्र के विकास, क्षेत्रीय कलाकारों और खिलाड़ियों को आगे आने का मौका दे रही है। इस तरह के आयोजनों से युवाओं को नया मंच मिलता है जहां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। समिति के अध्यक्ष डॉ़ वीरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि समिति का प्रयास रहता है कि वे क्षेत्र के विकास में अधिक योगदान दे सके।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत, प्रदीप कवि, दर्शनलाल नौटियाल, दिनेश कैंतुरा, श्याम चौहान, अर्जुन रावत, गीता रावत बिजल्वाण, अनिल बिजल्वाण, अजीत रावत, मीनाक्षी चौहान, सुमन पंवार, रविंद्र पंवार, देशपाल पंवार, महेश तोमर, अर्जुन रावत, शरण सिंह पंवार आदि मौजूद थे।