घनसाली मांदरा गांव के ऊपर क्षतिग्रस्त सड़क की सुरक्षा दीवार आवासीय घरों के लिए बनी है खतरा। संव
बारिश होते ही गांव में घुस रहा सड़क का पानी
घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक के मांदरा गांव के लोगों पर लोनिवि की लापरवाही भारी पड़ रही है। गत वर्ष जुलाई-अगस्त में बारिश के दौरान गांव के ऊपर बनी सड़क की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी लेकिन तब से सात महीनें का समय बीतने के बाद भी न तो दीवार का पुनर्निर्माण हो पाया है और न ही जल निकासी के लिए नाले खोले गए हैं जो गांव के आवासीय भवनों के लिए खतरा बना हुआ है।
ग्राम प्रधान सुचिता देवी का कहना है कि हल्की बारिश होते ही सड़क का पानी सीधे गांव में घुस आता है जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की मरम्मत नहीं की जाती है तो भविष्य में खेतों को नुकसान हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों से समस्या समाधान की गुहार लगाई जा चुकी है लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। विभागीय अधिकारियाें ने कई बार मौके का निरीक्षण किया।
मांदरा गांव की क्षतिग्रस्त दीवार के पुनर्निर्माण के लिए इस्टीमेट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजा गया है, लेकिन धनराशि की स्वीकृत नहीं मिल पाई है। बजट मिलने पर ही समस्या का समाधान किया जा सकता है।
-दिनेश चंद्र नौटियाल, ईई लोनिवि घनसाली