42 वर्ग किमी क्षेत्र में फैली टिहरी झील की खूबसूरती और झील के ऊपर बन रहे डोबरा-चांठी पुल का दृश्य जल्द ही बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगा। बत्ती गुल मीटर चालू के बाद अब यशराज फिल्म्स बैनर की फिल्म ‘वार’ में भी दर्शकों को टिहरी झील का दीदार करने का मौका मिलेगा। फिल्म में डोबरा-चांठी पुल की लोकेशन भी दिखाई गई है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है।
बांध प्रभावित प्रतापनगर क्षेत्र को जोड़ने के लिए भले ही पिछले 14 सालों से डोबरा-चांठी पुल का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है, लेकिन यशराज बैनर की फिल्म ‘वार’ में डोबरा-चांठी पुल की लोकेशन यूट्यूब पर खूब सुर्खियां बटोर रही है। दो अक्तूबर को यशराज फिल्म्स के बैनरतले ऋतिक रोशन, टाइगर श्राफ, वाणी कपूर, आशुतोष राणा की फिल्म ‘वार’ रिलीज हो रही है। फिल्म यूनिट ने बीते जून माह में टिहरी झील, डोबरा-चांठी पुल के आसपास फिल्म की शूटिंग की थी।
गंगा-भागीरथी बोट यूनियन की नाव से फिल्म यूनियन के सदस्यों ने झील में उतरकर झील की लोकेशन कैमरों में कैद की थी। बोट यूनियन के संरक्षक कुलदीप पंवार का कहना है यदि सरकार दृढ़ इच्छा संकल्प के साथ टिहरी झील क्षेत्र के आसपास बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने पर ध्यान दे तो फिल्म शूटिंग के लिए झील बड़ा केंद्र बनकर उभर सकती है। इससे पूर्व बत्ती गुल मीटर चालू फिल्म की शूटिंग टिहरी झील में हो चुकी है। वार फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। फिल्म में ऋतिक रोशन झील के बीच में बोट के सहारे एक एक्शन सीन करते हुए दिख रहे हैं। उनके पीछे निर्माणाधीन डोबरा-चांठी पुल का कार्य भी दिखाई दे रहा है।