जापान और थाईलैंड में खिलाड़ियों ने जीते गोल्ड, रजत और कांस्य पदक
नई टिहरी। टीएचडीसी-आईकेसीए (इंडियन कयाकिंग एंड कैनोइंग) हाई परफार्मेंस एकेडमी कोटेश्वर के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन को लेकर सम्मान समारोह आयोजित किया गया जिनमें जापान में हुए एशिया-पैसिफिक कैनो स्प्रिंट कप और थाईलैंड में अंडर-23 एशियन कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदक विजेता शामिल हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि टीएचडीसी के अधिशासी निदेशक एलपी जोशी ने कहा कि टीएचडीसी ने इंडियन कयाकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन के सहयोग और उत्तरांचल ओलंपिक संघ की पहल पर कोटेश्वर में यह अकादमी बनाई है। गत वर्ष स्थापित यह अकादमी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त कर चुकी है।
प्रिंस गोस्वामी ने जापान के कोमात्सु में एशिया-पैसिफिक कैनो स्प्रिंट कप में दो स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। कैनो 1-1000 और कैनो 1- 500 मीटर में यह उपलब्धि हासिल की। थाईलैंड में जूनियर व अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप में कैनो 2 में रजत जीतने वाले पीएच. ज्ञानेश्वर सिंह व अरविंद वर्मा, टोमथिलंगनबा नगाशेपम व हर्षवर्धन सिंह, रिमसन माइरेम्बम व जसप्रीत सिंह ने टीम इवेंट में कांस्य, गौरी कृष्णा एम ने भी सी-2 में कांस्य पदक हासिल किया। सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
इन खिलाड़ियों को अलेक्ज़ेंडर डायडचुक, ए चिंग चिंग सिंह और वीरपाल कौर ने प्रशिक्षित किया है। इस मौके पर अकादमी निदेशक डॉ. सुमंत एस. कुलश्रेष्ठ, सीजीएम एमके सिंह, एजीएम डीपी पात्रो, वरिष्ठ प्रबंधक मोहन सिंह श्रीस्वाल, मनवीर सिंह नेगी, प्रबंधक गिरीश उनियाल, दिलीप बेनीवाल, शांतिस्वरूप आदि मौजूद रहे।