नई टिहरी। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी को मेडिकल, पर्यटन और एजुकेशन हब बनाने के जो प्रयास शुरू किए गए थे, उसका परिणाम धरातल पर जल्द दिखने शुरू हो जाएंगे। जिला मुख्यालय को पर्यटक सर्किट से जोड़ने के लिए नई टिहरी से कोटीकाॅलोनी के लिए रोपवे सेवा की डीपीआर तैयार की जा रही है। टिहरी झील के दोनों ओर रिंग रोड बनने से रोजगार की अपार संभावनाएं बनेगी।
बृहस्पतिवार को पत्रकार वार्ता करते हुए टिहरी विधायक ने कहा कि जिला अस्पताल को हाइटेक बनाया जा रहा है। इणियां में मेडिकल कॉलेज बनने से पूरे प्रदेश का लाभ होगा। हाइड्रो इंजीनियरिंग कालेज को आईआईटी रुड़की का हिल कैंपस और यहां पीजी की कक्षाएं शुरू होने वाली है।
नई टिहरी के होटल मैनेजमेंट कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज सुरसिंहधार को भी पीजी करने की तैयारी है। रेल मंत्री को मलेथा से मरोड़ा तक रेल लिंक लाइन बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। देहरादून से टिहरी के लिए टनल बनाने की डीपीआर भी बनाई जा रही है। इन सभी कामों से टिहरी का समग्र विकास होगा। 1200 करोड़ के टिहरी लेक प्रोजेक्ट से पर्यटन को पंख लगेंगे। विधायक ने कहा कि पर्यटन विभाग को सभी कार्यों में नई टिहरी को वरीयता देने को कहा गया है। विधायक ने एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में छात्रसंघ में सभी पदों पर एबीवीपी के पदाधिकारियों के निर्विरोध निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी।
भाजपा के जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल ने कहा कि संगठन सदस्यता अभियान में टिहरी जिला अभी प्रदेश में सातवें और टिहरी विधानसभा तीसरे नंबर पर है। 45 फीसदी लक्ष्य हासिल कर दूसरे चरण में सवा लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य हासिल कर दिया जाएगा। इस मौके पर महामंत्री उदय रावत, राजेंद्र जुयाल, मंडल अध्यक्ष गोपीराम चमोली, विजय कठैत, जगदंबा रतूड़ी, पंकज वरवाण, सुशील बहुगुणा, शीशराम थपलियाल और तौफिक अहमद आदि मौजूद थे।